नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार पुलिस सप्ताह 2026 के अंतर्गत मंगलवार की शाम शहर के रमेश चौक पर औरंगाबाद पुलिस द्वारा भव्य पुलिस संगीत प्रदर्शन का आयोजन किया गया। ‘संगीतमयी शाम आपके नाम’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए और पुलिस बैंड की मधुर धुनों का आनंद लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुप्रसिद्ध गायिका तान्या मौआर ने भक्ति गीत “मेरे झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे, राम आएंगे” की भावपूर्ण प्रस्तुति से की। उनके सुरों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद एएसआई घनश्याम दुबे ने निमिया के डाढ़ मईया लावेली झुलुहवा हो की झूली रे झूली ना की प्रस्तुति से श्रोताओं को देर तक झूमने पर मजबूर कर दिया। देशभक्ति और लोकगीतों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर सदर डीएसपी वन संजय कुमार पांडेय ने कहा कि पुलिस सप्ताह के दौरान इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्देश्य आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ सकारात्मक संबंध बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
वहीं डीएसपी ट्रैफिक मनोज कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होती है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित शहर निर्माण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रमेश चौक पर देर शाम तक संगीत की धुनें गूंजती रहीं और पूरा माहौल उत्सव में तब्दील हो गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की मांग की।
मौके पर पुलिस उपाधीक्षक बेबी प्रिया, पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार सिंह, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक ज्योति कुमारी, इंस्पेक्टर फहीम आजाद, नगर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।