नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज योजना भवन के सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत धान अधिप्राप्ति एवं रब्बी विपणन मौसम 2026-27 गेहूँ अधिप्राप्ति से संबंधित जिला टास्क फोर्स की बैठक आहूत की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा धान अधिप्राप्ति की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि 33 समितियों द्वारा अब तक लक्ष्य का 85 प्रतिशत से भी कम अधिप्राप्ति की गई है। इस संबंध में जिला टास्क फोर्स की बैठक में निर्णय लिया गया कि ऐसे पैक्स का लक्ष्य घटा दिया जाए तथा शत-प्रतिशत अधिप्राप्ति करने वाले पैक्सों के बीच लक्ष्य का पुनर्वितरण किया जाए।
सी.एम.आर. की समीक्षा उपरांत समितियों द्वारा तीव्र गति से एस.टी.आर. निर्गत करने तथा आपूर्ति किए गए सी.एम.आर. की राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, औरंगाबाद को निर्देशित किया गया। साथ ही बैठक में उपस्थित सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा के अंदर अधिप्राप्ति सुनिश्चित करने एवं सी.एम.आर. जमा कराने का निर्देश दिया गया।
आगामी रब्बी विपणन मौसम 2026-27 में गेहूँ अधिप्राप्ति के संबंध में सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल, जिला सहकारिता पदाधिकारी, औरंगाबाद, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, औरंगाबाद तथा सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारी उपस्थित रहे।