सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज परिसर में चल रहे CATC-III कैंप का नौवां दिन गतिविधियों से रहा भरपूर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर के सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज परिसर में 29 अप्रैल से 8 मई 2026 तक आयोजित 13 बिहार बटालियन एनसीसी के CATC-III कैंप के नौवें दिन गुरुवार को एनसीसी कैडेट्स के लिए विभिन्न प्रशिक्षण एवं प्रतियोगितात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। पूरे दिन कैंप परिसर अनुशासन, ऊर्जा और उत्साह से सराबोर रहा।

दिन की शुरुआत सुबह पीटी सत्र के साथ हुई, जहां कैडेट्स को सेल्फ डिफेंस के तहत जूडो एवं कराटे का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने कैडेट्स को आत्मरक्षा की बारीकियों से अवगत कराया तथा आपात परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाए। इसके बाद पीआई स्टाफ द्वारा ड्रिल प्रतियोगिता आयोजित कर ‘बेस्ट कैडेट’ का चयन किया गया।
कैंप में बौद्धिक गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया गया। एएनओ सचिदानंद कुमार एवं अक्षय जैन के नेतृत्व में चयनित कैडेट्स के बीच क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस दौरान नगर थाना साइबर ब्रांच की सब इंस्पेक्टर मधु कुमारी ने सभी कैडेट्स को साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष क्लास दी। उन्होंने ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा डिजिटल सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। कैडेट्स को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
कैंप के समापन अवसर पर कैंप कमांडेंट प्रदीप कुमार तक्षक की अध्यक्षता में पुरस्कार वितरण सह समापन समारोह आयोजित किया गया। अपने संबोधन में कर्नल तक्षक ने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स ने अनुशासन, नेतृत्व, खेल, फायरिंग, ड्रिल, क्विज एवं सांस्कृतिक गतिविधियों सहित कई महत्वपूर्ण पहलुओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया है, जो भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं तथा A, B एवं C सर्टिफिकेट परीक्षाओं में काफी सहायक सिद्ध होगा।

उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कृत किया गया। साथ ही कैंप प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सभी कैडेट्स को कैंप सर्टिफिकेट भी प्रदान किया जाएगा। शुक्रवार को सभी कैडेट्स अपने-अपने घरों के लिए प्रस्थान करेंगे।
शाम के समय आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कैडेट्स ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर 13 बिहार बटालियन एनसीसी के सभी एएनओ, पीआई स्टाफ एवं सिविल स्टाफ मौजूद रहे।