नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। बिहार के युवाओं को रोजगारोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को मसौढ़ी के ब्लॉक रोड स्थित राधिका देवी टेक्निकल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा ने युवाओं को तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास का महत्व बताते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और प्रबंधन की समझ भी आवश्यक है।
समारोह का उद्घाटन मनीष वर्मा, मसौढ़ी विधायक अरुण मांझी तथा नगर अध्यक्ष पिंकी देवी एवं शंभू सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में मनीष वर्मा ने कहा कि तकनीकी शिक्षा और मैनेजमेंट की सही जानकारी युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है और इससे राज्य की आर्थिक प्रगति को भी गति मिलेगी।
वहीं विधायक अरुण मांझी ने कहा कि जब युवा तकनीकी रूप से सक्षम होंगे, तभी बिहार और देश का समग्र विकास संभव होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल शैक्षणिक डिग्री प्राप्त करने के बजाय उद्योगों की मांग के अनुरूप व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी कौशल हासिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी और प्रबंधन पाठ्यक्रम छात्रों के लिए रोजगार के नए अवसर खोल सकते हैं तथा कुशल मानव संसाधन के बल पर राज्य में उद्योग और व्यापार का विस्तार संभव है।
कार्यक्रम में उप मुख्य पार्षद चंद्रकांत कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद सिंह, सुनील कुमार वर्मा, पूर्व प्रखंड प्रमुख राज किशोर सिंह, वार्ड पार्षद उज्जवल कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि गुलाब प्रसाद, कारू सिंह, अश्विनी गोल्डी, राकेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान वक्ताओं ने युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा अपनाने और बदलते समय के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने का संदेश दिया।