नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। विवेकानंद वीआईपी स्कूल में शुक्रवार को वन महोत्सव के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं छात्रों ने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित धरा का संकल्प लिया।
प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक डॉ. शंभू शरण सिंह ने कहा कि वन महोत्सव भारत में प्रत्येक वर्ष जुलाई के प्रथम सप्ताह में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य पेड़ लगाने के प्रति लोगों को प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि पेड़ और जंगल पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने, स्वच्छ हवा, स्वच्छ जल और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ. सिंह ने छात्रों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि हरियाली ही खुशहाली का आधार है। उन्होंने बताया कि वन महोत्सव के दौरान मिट्टी के कटाव को रोकने, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
विद्यालय के चेयरमैन मनीष वत्स ने कहा कि विवेकानंद परिवार पिछले दो दशकों से अधिक समय से वन महोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि से शुरू होने वाले ‘आत्मोदय अभियान’ के तहत विद्यालय के छात्र गांव-गांव जाकर वृक्षारोपण करेंगे तथा ग्रामीणों को हरित धरा, पर्यावरण संतुलन, प्रदूषण नियंत्रण और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में सामूहिक वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।