आरा-बक्सर फोरलेन पर हुआ हादसा, एक युवक गंभीर रूप से घायल, पटना रेफर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
आरा। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-बक्सर फोरलेन (एनएच-922) पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड निवासी नवविवाहित दंपति समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अमराई नवादा स्थित राही होटल के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों में झारखंड के देवघर जिले के संतसंघ नगर निवासी प्रकाश कुमार सिंह (32 वर्ष), उनकी पत्नी पल्लवी कुमारी (27 वर्ष) तथा सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के इसमैला गांव निवासी सौरव कुमार (26 वर्ष) शामिल हैं। वहीं सौरव कुमार के छोटे भाई कुमार गौरव (24 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि प्रकाश कुमार सिंह पेशे से इंजीनियर थे और रांची की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। उनकी शादी इसी वर्ष 14 फरवरी को पल्लवी कुमारी से हुई थी। दोनों विवाह के बाद पहली लंबी यात्रा पर निकले थे। उनके साथ दो रिश्तेदार सौरव कुमार और कुमार गौरव भी थे।
परिजनों के अनुसार चारों लोग पिछले करीब 15 दिनों से धार्मिक एवं पर्यटन यात्रा पर थे। सबसे पहले उन्होंने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद नोएडा में अपनी बहन के ससुराल गए और फिर कुल्लू-मनाली तथा लद्दाख की यात्रा पूरी कर झारखंड लौट रहे थे। इसी दौरान बिहिया के पास उनकी स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई और खुशियों से भरा सफर पलभर में मातम में बदल गया।
मृतक प्रकाश कुमार सिंह के पिता के मित्र राकेश मल्होत्रा ने बताया कि परिवार में हाल ही में हुई शादी को लेकर खुशी का माहौल था। सभी लोग उनके सुरक्षित लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। वहीं सौरव कुमार की मौत से भी उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हुआ प्रतीत होता है। मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि आरा-बक्सर फोरलेन पर इससे पहले भी कई भीषण सड़क हादसे हो चुके हैं। वर्ष 2024 में बीबीगंज के समीप हुए एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण इस फोरलेन पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।