नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में औरंगाबाद जिला लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। राज्य स्तर पर जारी टेली-कंसल्टेशन जिला रैंकिंग में औरंगाबाद ने एक बार फिर प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा है।
जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के कुशल नेतृत्व में 1 जुलाई 2026 से 10 जुलाई 2026 तक की अवधि में औरंगाबाद जिला ने 15,885 टेली-कंसल्टेशन दर्ज करते हुए बिहार के सभी जिलों में शीर्ष स्थान हासिल किया। इससे पूर्व 1 जुलाई से 9 जुलाई 2026 तक की रैंकिंग में भी औरंगाबाद 14,124 टेली-कंसल्टेशन के साथ प्रथम स्थान पर रहा था। लगातार बेहतर प्रदर्शन यह दर्शाता है कि जिले में टेलीमेडिसिन सेवाओं का प्रभावी संचालन किया जा रहा है तथा अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।

जिला पदाधिकारी ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग के सभी पदाधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं संबंधित कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि टेली-कंसल्टेशन सेवा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि इस सेवा की पहुंच को और व्यापक बनाया जाए ताकि अधिकाधिक लोग घर बैठे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त कर सकें।
सिविल सर्जन ने बताया कि जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में टेली-कंसल्टेशन सेवाओं के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता तथा स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय भागीदारी के कारण यह सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जिले को शीर्ष स्थान पर बनाए रखने के लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित मॉनिटरिंग एवं जनजागरूकता गतिविधियां जारी रहेंगी।
जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जिले की सामूहिक प्रतिबद्धता और समर्पण का परिणाम बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों का आभार व्यक्त किया है।