नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से किशोरी सिन्हा महिला महाविद्यालय, औरंगाबाद के तत्वावधान में शुक्रवार को भव्य ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। यात्रा में महाविद्यालय की छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर सतेन्द्र सिन्हा पार्क तक पहुंची। यात्रा का नेतृत्व महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. कुमारी गायत्री सिंह ने किया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में छात्राएं देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुईं। पूरे मार्ग में तिरंगे के साथ छात्राओं का उत्साह और जोश देखते ही बन रहा था।
यात्रा के दौरान छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम के कारण पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. कुमारी गायत्री सिंह ने कहा कि “तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक नागरिक के भीतर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और अधिक मजबूत करता है।” उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी लोगों से अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्राचार्या ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी में देशप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और सामाजिक एकता की भावना मजबूत होती है। महाविद्यालय की इस तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पूर्व पूरे परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम का उत्साहपूर्ण वातावरण बना दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।