नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। किशोरी सिन्हा महिला महाविद्यालय, औरंगाबाद में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. कुमारी गायत्री सिंह ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल विदेशी शासन से मुक्ति का नाम नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता, आर्थिक आत्मनिर्भरता, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की मजबूती भी स्वतंत्रता के व्यापक अर्थ का हिस्सा है।

प्राचार्या ने वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना आवश्यक है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति भाषण, राष्ट्रभक्ति गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और देशभक्ति के वातावरण को और प्रभावशाली बना दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश प्रमुखता से सामने आया।