प्रमोशन के साथ बढ़ी जिम्मेदारी, ईमानदारी और निष्ठा से पुलिसिंग करने की दी नसीहत
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। वर्दी पर सितारा लगते ही पुलिस पदाधिकारियों के चेहरे खिल उठे। मौका था पुनपुन थाना और केवड़ा ओपी में एएसआई से एसआई पद पर प्रोन्नत हुए 16 पुलिस पदाधिकारियों के सम्मान का। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल ने सभी प्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। इस दौरान मिठाई खिलाकर उनकी खुशी में शामिल हुए।
डीएसपी राघव दयाल ने कहा कि पदोन्नति के साथ पुलिस पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने सभी को ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ बेहतर पुलिसिंग करने की नसीहत दी। कहा कि पुलिस पदाधिकारी जनता के प्रति अधिक संवेदनशील होकर कार्य करें तथा अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आम जनता का भरोसा मजबूत हो और जरूरतमंद लोगों को समय पर न्याय एवं सुरक्षा मिल सके।
प्रमोशन पाने वाले पुलिस पदाधिकारियों ने भी अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने और पुलिसिंग को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पुनपुन थानाध्यक्ष, केवड़ा ओपी अध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पदाधिकारियों की पदोन्नति को लेकर दोनों थानों में खुशी का माहौल रहा।