नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन थाना क्षेत्र के लखनपार पंचायत अंतर्गत समकूड़ा गांव में रविवार की रात दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घर में सो रहे भाई-बहन को सांप ने डस लिया। परिजन दोनों को इलाज के लिए पटना ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृत बच्चों की पहचान समकूड़ा गांव निवासी रामू कुमार के पुत्र मोनू कुमार (10 वर्ष) और पुत्री काजल कुमारी (8 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रात में दोनों बच्चे घर में सो रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। बच्चों की हालत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए पटना लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
बताया जाता है कि मृत बच्चों के पिता रामू कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके तीन बच्चों में दो की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार, पुनपुन नदी में आई बाढ़ के पानी के कारण इन दिनों सांप गांवों की ओर निकल रहे हैं। समकूड़ा गांव का संबंधित घर टाल क्षेत्र के किनारे स्थित है। आशंका जताई जा रही है कि पानी से बचने के लिए सांप घर में घुस आया होगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुनपुन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।