नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अंबेडकरनगर/दरभंगा। दिल्ली से दरभंगा की ओर लौट रही एसी स्लीपर बस के मुसाफिर गहरी नींद में अपने घरों और अपनों के सपने देख रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की यह सुबह उनके लिए इतनी खौफनाक साबित होगी। अंबरपुर टोल प्लाजा के पास ओवरटेक करने की एक जल्दबाजी ने हंसते-खेलते परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। आगे चल रहे ट्रेलर से बस की टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन का एक हिस्सा चीरता हुआ सन्नाटा पसर गया।
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से दरभंगा की ओर आ रही थी। शुक्रवार तड़के अंबरपुर टोल प्लाजा के पास बस आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान बस ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।टक्कर इतनी भीषण थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया।
हादसे में बस में सवार चार यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में फिलहाल सिर्फ एक की पहचान हो सकी है। मृतक की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला था। तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान कराने में जुटी है। साथ ही मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, ताकि घटना की जानकारी उन्हें दी जा सके। हादसे में तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों की पहचान सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) के रूप में हुई है। तीनों के दरभंगा, बिहार के रहने वाले होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल और नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य कराया और दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। बस किस वजह से ट्रेलर से टकराई, इसकी जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान कराने के साथ उनके परिजनों से संपर्क करने और घटना के बाद की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।