चोरी का सामान खरीदने वाला दुकानदार भी पकड़ा गया, मंदिर से चोरी किए गए कई सामान बरामद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा थाना क्षेत्र के सकरवार टोला स्थित मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया। पुलिस ने चोरी के मुख्य आरोपी समेत चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मंदिर से चोरी किए गए कई सामान भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार की रात सकरवार टोला स्थित मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में मोकामा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने चोरी के मुख्य आरोपी शिवम कुमार उर्फ मिठु, पिता सुधीर कुमार, निवासी शंकरवार टोला, मोकामा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार शशि कुमार, पिता फेकन राम, निवासी चिंतामणिचक, मोकामा को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोटरसाइकिल की बैट्री, पीतल की तीन घंटियां, साइकिल, तांबे की थाली, पीतल की तीन थालियां, पीतल की चार लोटकी, पीतल का एक गिलास, पीतल की 10 कटोरियां, पीतल की तीन प्लेट, पीतल के दो दीये और पीतल की एक धूपदानी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी शिवम कुमार उर्फ मिठु के खिलाफ मोकामा थाना में पूर्व से चोरी के तीन मामले दर्ज हैं। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार, एसआई अनिल सिंह, एसआई सुनील कुमार, एसआई अवनीश कुमार तथा पुलिसकर्मी पंकज कुमार और दानी कुमार शामिल थे।