जिलाधिकारी की अध्यक्षता में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति एवं सहकारिता विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति एवं सहकारिता विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) की लंबित आपूर्ति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान अधिप्राप्ति की तैयारियों, किसानों के निबंधन एवं सत्यापन, समितियों के अंकेक्षण, क्रय केंद्रों पर भंडारण क्षमता एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, समितियों के चयन एवं लक्ष्य निर्धारण, कैश क्रेडिट ऋण की उपलब्धता, राइस मिलों के निबंधन एवं सत्यापन तथा सीएमआर संग्रहण केंद्रों की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए जिले में धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य 2,00,454 मेट्रिक टन निर्धारित किया गया है। इसके लिए अब तक कुल 1,917 किसानों का निबंधन किया गया है, जिनमें 1,348 रैयत एवं 569 गैर-रैयत किसान शामिल हैं। धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक संचालित की जाएगी। साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-A धान का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि धान अधिप्राप्ति प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। सभी चयनित समितियों के माध्यम से अधिप्राप्ति कार्य के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक कैश क्रेडिट ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, क्रय केंद्रों पर बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट स्कैनर, नमी मापक यंत्र, माप-तौल मशीन, गुणवत्ता जांच मशीन एवं प्राथमिक उपचार किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। क्रय केंद्रों पर पेयजल, शौचालय एवं पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा आवश्यक अभिलेखों का संधारण सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
समितियों के अंकेक्षण, चयन एवं लक्ष्य निर्धारण से संबंधित लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा राइस मिलों के निबंधन एवं सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। सीएमआर संग्रहण केंद्रों पर भंडारण क्षमता एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अपर समाहर्ता विशेष सईदुल हसन खान, कोऑपरेटिव अध्यक्ष संतोष कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी राजीव कुमार यादव उपस्थित रहे।