तांबे के तार की चोरी से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद, कुएं से बरामद हुए थे दोनों किशोरों के शव, दो अन्य लापता किशोर सकुशल मिले
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र के बरहपुर हाल्ट के समीप कुएं से दो किशोरों के शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तांबे के तार की चोरी और उसे बेचने से मिले रुपये के बंटवारे को लेकर महज 800 रुपये का विवाद हत्या की वजह बना।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरहपुर बिंद टोली निवासी कारू बिंद, पिता लाछो बिंद, गोलू कुमार, पिता दिनेश बिंद तथा शिवा उर्फ शिव कुमार, पिता जयराम बिंद के रूप में हुई है।
शुक्रवार को बाढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामकृष्ण ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मृतक सोनू कुमार और रजनीश कुमार के साथ तीनों आरोपी छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं में शामिल रहते थे। हाल ही में सभी ने मिलकर तांबे का तार चोरी किया था। तार बेचने से मिले रुपये के बंटवारे को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हुआ था।
पुलिस के अनुसार, रुपये के बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपियों ने सोनू कुमार पर डंडे से हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इसी दौरान रजनीश कुमार ने पूरी घटना देख ली। मामला उजागर होने के डर से आरोपियों ने दोनों किशोरों को कुएं में डाल दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, दोनों के बाहर निकलने की कोशिश के दौरान उन पर ईंट से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गोलू कुमार के स्वीकारोक्ति बयान के साथ तकनीकी साक्ष्यों और अन्य अनुसंधान के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ी गईं। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि गुरुवार को बरहपुर हाल्ट के समीप स्थित एक कुएं से 14 वर्षीय रजनीश कुमार और 13 वर्षीय सोनू कुमार के शव बरामद किए गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
इस घटना के बाद गांव के दो अन्य किशोर संगम कुमार (10) और गन्नू कुमार (18) के लापता होने की भी सूचना मिली थी। पुलिस ने देर रात दोनों को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, इन दोनों का दोहरे हत्याकांड से कोई संबंध सामने नहीं आया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी, पटना ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था। इसके बाद एसडीपीओ बाढ़-01 रामकृष्ण के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित अनुसंधान करते हुए 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।
इस कार्रवाई में मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार सहित विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारियों और जिला आसूचना इकाई की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।