नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ खरना पूजा का अनुष्ठान संपन्न हुआ। सुबह से ही व्रतियों ने स्नान कर पूरी शुद्धता और निष्ठा के साथ खरना की तैयारी शुरू कर दी थी। मसौढ़ी के मणीचक सूर्य मंदिर छठ धाम में खरना पूजा को लेकर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया और इसके साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का संकल्प लिया।
छठ पर्व में खरना का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। नहाय-खाय के दिन व्रती सात्विक भोजन ग्रहण कर तन और मन की शुद्धता का संकल्प लेते हैं। इसके अगले दिन खरना पूजा के साथ इस साधना का अगला चरण शुरू होता है। इस दिन व्रती पूरी पवित्रता के साथ अपने कुलदेवता, भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं। मिट्टी के चूल्हे और मिट्टी के बर्तन में गुड़ से बनी खीर तथा रोटी तैयार की जाती है। इसके बाद छठी मैया को भोग अर्पित कर व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और परिवार के अन्य सदस्यों एवं श्रद्धालुओं के बीच भी प्रसाद वितरित किया जाता है।
खरना के प्रसाद की तैयारी से लेकर पूजा और प्रसाद ग्रहण करने तक स्वच्छता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। मान्यता है कि खरना पूजा के साथ ही छठी मैया का घर में आगमन होता है। प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती अगले 36 घंटे तक बिना अन्न और जल ग्रहण किए कठिन उपवास रखते हैं। इस दौरान वे पूरी श्रद्धा और संयम के साथ छठी मैया की आराधना करते हैं।
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार की शाम व्रती विभिन्न घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसको लेकर घाटों पर तैयारियां की गई हैं। व्रती सूप और दउरा में पारंपरिक पूजन सामग्री, फल एवं अन्य प्रसाद सजाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे। घाटों पर छठ गीतों और भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालु सूर्योपासना करेंगे। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
मसौढ़ी क्षेत्र में छठ व्रत करने वालों में रंजू कुमारी, रिंकी पांडेय, नीतू पांडेय, नीलू पांडेय, हर्षिता पांडेय, शिवांश वत्स, देवांश वत्स, माया देवी, आरती कुमारी, रश्मि कुमारी, सन्नी कुमार, चैतन्य, नमन कुमार, हंसिका कुमारी और रीता कुमारी सहित कई श्रद्धालु शामिल हैं।