150 साल, 35 पड़ाव, 4424 किमी: भारतीय सेना का माइक्रोलाइट अभियान शुरू
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय सेना की ओर से आयोजित ‘वंदे मातरम 150 राष्ट्रीय एकता उड़ान’ माइक्रोलाइट अभियान का सोमवार को ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी ओटीए गया से भव्य फ्लैग ऑफ समारोह के साथ सोमवार को शुभारंभ हुआ। गया ओटिए से बेंगलुरु तक चलने वाला यह अभियान देश के 35 गंतव्यों से गुजरते हुए 4424 किलोमीटर की हवाई दूरी तय करेगा। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, साहस और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

आर्मी एडवेंचर विंग और आर्मी सर्विस कोर के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में अयोध्या, लखनऊ, झांसी, महू, भुज, पोरबंदर, दमन, गोवा, शिरडी और हासन प्रमुख पड़ाव होंगे। अभियान का समापन बेंगलुरु में 12वें आर्मी सर्विस कोर रियूनियन के साथ होगा। कर्नल राहुल मनकोटिया के नेतृत्व वाली ‘टीम फ्लाइंग रैबिट्स’ में अनुभवी माइक्रोलाइट पायलट शामिल हैं।

टीम के नाम पांच एशियाई, दस राष्ट्रीय और छह लिम्का बुक रिकॉर्ड दर्ज हैं। लेफ्टिनेंट जनरल संदीप सिंह, एवीएसएम के नेतृत्व में रवाना हुए दल को मेजर जनरल संदीप सिन्हा, एमजी एएससी, मुख्यालय पूर्वी कमान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उल्लेखनीय है कि मेजर जनरल संदीप सिन्हा ने वर्ष 1999 में गया में आर्मी एयरो नोडल सेंटर की स्थापना की थी। यह केंद्र सैन्यकर्मियों को माइक्रोलाइट उड़ान का प्रशिक्षण देता है। अभियान के माध्यम से साहसिक गतिविधियों, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और मानसिक दृढ़ता को भी बढ़ावा दिया जाएगा।