राजगीर के सिर सजेगा एक और ताज, जनवरी 2027 में जुटेंगे दुनिया भर के युवा तलवारबाज
बेताब अहमद
पटना/राजगीर। राज्य सरकार की खेल-उन्मुख नीतियों और विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना के विकास की दिशा में बिहार को एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। बिहार पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय तलवारबाजी विश्व कप की मेजबानी करने जा रहा है। जनवरी 2027 के तीसरे सप्ताह में राजगीर में कैडेट और जूनियर वर्ग बालक एवं बालिका के तलवारबाजी विश्व कप का भव्य आयोजन किया जाएगा।इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विश्व के लगभग 25 से 28 देशों के खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। राज्य सरकार के इस प्रयास से न केवल बिहार की वैश्विक पहचान सशक्त होगी, बल्कि राज्य के उभरते खिलाड़ियों को अपने ही प्रदेश में विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि एशियाई तलवारबाजी महासंघ के महासचिव और भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष राजीव मेहता ने हाल ही में बिहार का दौरा किया। अपने दौरे के क्रम में उन्होंने राज्य की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की, जहाँ बिहार में तलवारबाजी के व्यापक विकास, प्रशिक्षण और विस्तार की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। इसके उपरांत, पाटलिपुत्र खेल परिसर में महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण के साथ आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के सफल आयोजन और तैयारियों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। राजगीर जैसे ऐतिहासिक और आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस स्थल पर इस आयोजन का होना राज्य सरकार की खेलों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में राजगीर में तलवारबाजी के लिए एक अत्याधुनिक ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित करने पर भी सार्थक चर्चा हुई। इस केंद्र के माध्यम से राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे वैश्विक मंचों पर देश और राज्य का नाम रोशन कर सकें। राज्य सरकार की नीति के अनुरूप तलवारबाजी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कई ठोस योजनाएं तैयार की गई हैं। भारतीय तलवारबाजी महासंघ के सहयोग से पूरे बिहार में नई खेल प्रतिभाओं की खोज की जाएगी। राज्य के प्रशिक्षकों (कोच) को उन्नत प्रशिक्षण देने और तकनीकी अधिकारियों की दक्षता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन सभी योजनाओं को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और भारतीय तलवारबाजी महासंघ आपसी समन्वय से धरातल पर उतारेंगे।

इस अवसर पर भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष राजीव मेहता ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने अतिथियों को ज्ञान, शांति और बिहार की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक ‘बोधिवृक्ष का पौधा’ भेंट कर राज्य की ओर से उनका अभिनंदन किया। बैठक में गुजरात तलवारबाजी संघ के महासचिव भरत भी उपस्थित रहे। राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों से राजगीर आज देश के एक प्रमुख ‘खेल हब’ के रूप में उभर रहा है। पूर्व में कई सफल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के बाद अब तलवारबाजी विश्व कप की मेजबानी और उत्कृष्टता केंद्र की पहल बिहार की सशक्त मेजबानी क्षमता और खेलों के प्रति सरकार के विजन को प्रमाणित करती है।