सदर अस्पताल में सड़क, पार्किंग शेड, ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइट पर खर्च होंगे एक करोड़ रुपये, हीरापुर में बनेगा सामुदायिक शौचालय
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद विधायक राज सिन्हा ने शुक्रवार को करीब एक करोड़ नौ लाख रूपये की दो विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इन योजनाओं के तहत सदर अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। वहीं, हीरापुर में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।

डीएमएफटी निधि से एक करोड़ रुपये की लागत से सदर अस्पताल के पुराने मुख्य द्वार से अस्पताल तक सड़क का निर्माण, पार्किंग शेड, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी व्यवस्था और फूलों की क्यारियां विकसित की जाएंगी। विधायक राज सिन्हा ने फीता काटकर इस योजना का उद्घाटन किया। इसके अलावा विधायक निधि से हीरापुर स्थित विवेकानंद चौक के समीप नौ लाख रुपये की लागत से सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। विधायक ने इस योजना का भी शिलान्यास किया।
इस अवसर पर राज सिन्हा ने कहा कि सदर अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क, रोशनी और पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। अस्पताल परिसर में बेहतर व्यवस्था होने से मरीजों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि हीरापुर बाजार में सामुदायिक शौचालय बनने से दुकानदारों और बाजार आने वाली महिलाओं को विशेष सुविधा मिलेगी। क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आम लोगों की जरूरतों को देखते हुए विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।