हत्या के मामले में पहले जा चुका है जेल, बिहार एसटीएफ और धनरुआ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। बिहार एसटीएफ और धनरुआ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हथियार तस्करी के एक आरोपी को दो देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनरुआ थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव निवासी धनंजय प्रसाद (35 वर्ष), पिता सुंदर यादव के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार धनंजय हथियारों की खरीद-बिक्री के धंधे में शामिल रहा है और अब तक दर्जनों लोगों को हथियार सप्लाई कर चुका है। वह हिलसा थाना क्षेत्र के एक हत्याकांड में भी जेल जा चुका है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी हथियारों की डिलीवरी के लिए छोटे-छोटे बच्चों का इस्तेमाल करता था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस उसके पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।