नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार पुलिस मुख्यालय स्थित सरदार पटेल भवन सभागार में एक विशेष समारोह में बैंक ऑफ बड़ौदा की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत 61 दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को कुल 37.50 करोड़ की बीमा एवं सहायता राशि वितरित की गई। कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में पुलिस मुख्यालय एवं गृह विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, अपर मुख्य सचिव (गृह) अरविंद कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री सचिव संजय कुमार सिंह सहित सभी पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक एवं वरीय पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।
बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से बिहार प्रमुख एवं महाप्रबंधक सुब्रत कुमार स्वाईं, उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख नलिन कुमार, उप महाप्रबंधक एवं व्यवसाय प्रमुख राकेश रंजन सिंह, अनुपालन प्रमुख प्रिय रंजन तथा रक्षा बैंकिंग के उप महाप्रबंधक दीपक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान दुर्घटनाओं में शहीद हुए 16 पुलिसकर्मियों के परिजनों को दुर्घटना बीमा के तहत कुल 28.70 करोड़ की राशि प्रदान की गई। वहीं एक पुलिसकर्मी को दुर्घटना से विकलांगता बीमा के तहत 75 लाख की सहायता दी गई। इसके अलावा प्राकृतिक मृत्यु अथवा बीमारी से दिवंगत 44 पुलिसकर्मियों के परिजनों को 20 लाख प्रति परिवार के हिसाब से कुल 8.80 करोड़ की बीमा राशि वितरित की गई। लाभार्थियों में दो महिला पुलिसकर्मी, 58 पुरुष पुलिसकर्मी तथा एक दिव्यांग कर्मी शामिल रहे।
बताया गया कि बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा आयोजित इस वितरण कार्यक्रम के बाद पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत लाभ प्राप्त करने वाले परिजनों की कुल संख्या 151 हो गई है। अब तक कुल 79.95 करोड़ की राशि वितरित की जा चुकी है।
गौरतलब है कि बिहार पुलिस और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच 23 अगस्त 2024 को एक विशेष समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया था। इसके तहत बिहार पुलिसकर्मियों का वेतन बैंक ऑफ बड़ौदा के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत मिलने वाला बीमा लाभ पूरी तरह निःशुल्क है तथा यह पुलिस विभाग द्वारा दिए जाने वाले अन्य लाभों के अतिरिक्त है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बैंक ऑफ बड़ौदा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को समय पर आर्थिक सहायता मिलना सराहनीय कदम है। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा के बिहार प्रमुख सुब्रत कुमार स्वाईं ने कहा कि बैंक भविष्य में भी पुलिसकर्मियों एवं बिहार सरकार के अन्य वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए कल्याणकारी योजनाएं जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ बिहार की सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।