नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) ने छात्रहित में बड़ा निर्णय लेते हुए BCECE(LE)-2026 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 11 मई 2026 निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 14 मई 2026 कर दिया गया है।
पर्षद द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मौसम की खराबी और नेटवर्क संबंधी समस्याओं के कारण दूर-दराज क्षेत्रों के कई अभ्यर्थियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों से प्राप्त अनुरोधों पर विचार करने के बाद यह निर्णय लिया गया।
यह परीक्षा त्रिवर्षीय अभियंत्रण डिप्लोमा पाठ्यक्रम उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। सामान्य कोटि के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक तथा BC/EBC/SC/ST वर्ग के लिए 40 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके अलावा द्विवर्षीय पारा मेडिकल डिप्लोमा एवं द्विवर्षीय फार्मेसी डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
BCECE(LE)-2026 के माध्यम से बिहार राज्य के विभिन्न सरकारी एवं निजी अभियंत्रण संस्थानों में स्नातक अभियंत्रण पाठ्यक्रमों के द्वितीय वर्ष में पार्श्विक प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही सरकारी पारा मेडिकल एवं फार्मेसी संस्थानों में स्नातक पारा मेडिकल तथा स्नातक फार्मेसी डिग्री पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश मिलेगा।
पर्षद ने जानकारी दी है कि BCECE(LE)-2026 परीक्षा का आयोजन 31 मई 2026 को किया जाएगा। अभ्यर्थी विस्तृत योग्यता, अर्हता एवं आवश्यक निर्देश पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट BCECEB Official Website पर उपलब्ध प्रॉस्पेक्टस में देख सकते हैं।
पर्षद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। पर्षद ने स्पष्ट किया है कि 14 मई 2026 के बाद आवेदन की तिथि में कोई विस्तार नहीं किया जाएगा।