विस्थापितों के लिए जन सूचना केन्द्र एवं जन समाधान पोर्टल का शुभारंभ
बीआरबीसीएल का 20वां स्थापना दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भारतीय रेल बिजली कंपनी लिमिटेड (बीआरबीसीएल) का 20वां स्थापना दिवस रविवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कंपनी के अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार ने अपने बधाई संदेश के माध्यम से बीआरबीसीएल परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं, निदेशक शिवम श्रीवास्तव, सुषमा कुमारी एवं ए. सुंदरासन ने भी सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

स्थापना दिवस समारोह में बीआरबीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए. जे. राजकुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कंपनी का ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कर्मचारियों के समर्पण एवं योगदान की सराहना की। उन्होंने कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि संस्थान की निरंतर प्रगति में सभी कर्मियों की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है।

समारोह के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए. जे. राजकुमार ने ‘जन सूचना केंद्र’ एवं नवविकसित ‘जन समाधान पोर्टल’ का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य परियोजना प्रभावित व्यक्तियों एवं परिवारों को वार्षिकी भुगतान, एकमुश्त भुगतान, फसल क्षतिपूर्ति तथा भूमि संबंधी मामलों की जानकारी, आवेदन और शिकायत निवारण की सुविधा एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है।

जन सूचना केंद्र एवं जन समाधान पोर्टल के माध्यम से परियोजना प्रभावित परिवारों को अधिक सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ हितधारकों के साथ संवाद को प्रभावी बनाने की दिशा में पहल की गई है। इससे सेवा-प्रदाय प्रणाली को पारदर्शी, सरल एवं जन-केंद्रित बनाने में मदद मिलेगी।

बीआरबीसीएल की यह पहल परियोजना प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान, सूचना तक आसान पहुंच और बेहतर सेवा व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।