नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के वास्तु विहार कॉलोनी स्थित घर में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने राजेश राम के घर के अलावा कॉलोनी में अन्य 11 लोगों के घरों को भी निशाना बनाया है। औरंगाबाद के वास्तु विहार कॉलोनी में एक साथ कई घरों में चोरी की घटना सामने आने से लोगों में चिंता है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और चोरी की घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में चार संदिग्ध बाउंड्री फांदकर सोसाइटी के अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। करीब एक घंटे तक चोर सोसाइटी के अंदर रहे। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम देकर उसी रास्ते से बाउंड्री फांदकर बाहर निकल गए। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार सोसाइटी में रह रहे हैं संतोष सिंह फिलहाल देवघर गए हुए हैं, जबकि उनकी पत्नी बेटे के साथ कर्मा रोड स्थित अपनी बहन के घर गई थी। सुबह जब वह वास्तु विहार स्थित आवास पहुंची तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर अलमारी भी टूटी हुई थी और उसमें रखे लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। इसके अलावा चोरों ने प्रदीप सिंह और बृजेश कुमार के बंद मकानों का भी ताला तोड़ा। इन दोनों घरों से कितने सामान की चोरी हुई है, इसका आकलन फिलहाल किया जा रहा है। मुफस्सिल थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने इस घटना को लेकर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि उनके घर से क्या चोरी हुआ, यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।