नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर नशीले पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। थाईलैंड से गया पहुंची पंजाब की दो महिलाओं के सामान से कस्टम विभाग की सक्रिय टीम ने करीब 10 किलोग्राम मारिजुआना (गांजा) बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त खेप की कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इस कार्रवाई के बाद अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, दोनों महिलाएं थाई एयरवेज की फ्लाइट से गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को पहुंची थीं। एयरपोर्ट पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान एक्स-रे स्कैनिंग में उनके बैग में संदिग्ध सामान पाए गए। इसके बाद सीआईएसएफ टीम समेत अन्य सुरक्षाकर्मियों ने गहन तलाशी ली। इस दौरान चार अलग-अलग बैगों में बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर रखी गई गांजे की खेप बरामद हुई। करीब आठ घंटे तक पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद दोनों महिलाओं को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान पंजाब के सिमरनजीत और कुलविंदर कौर के रूप में हुई है।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, चार दिन पूर्व छह लोगों का एक समूह थाईलैंड गया था। बुधवार को समूह की दो महिलाएं ही गया लौटीं, जबकि चार अन्य सदस्य अभी तक नहीं पहुंचे हैं। कस्टम विभाग अब उनके संभावित संपर्कों, यात्रा और तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रहा है।गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में गया एयरपोर्ट पर बड़े पैमाने पर गांजा बरामदगी की यह चौथी घटना बताई जा रही है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्ग से नशीले पदार्थों की तस्करी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।