नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। प्रखंड के फतेहाबाद बलियारी गांव में शिव जीविका महिला नीरा उत्पादक समूह द्वारा नीरा अस्थाई काउंटर का शुभारंभ किया गया। समूह की अध्यक्ष रेखा देवी ने फीता काटकर काउंटर का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान जीविकोपार्जन विशेषज्ञ यूसुफ सिद्दीकी ने नीरा के औषधीय गुणों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ताड़ के पेड़ से प्राप्त होने वाला नीरा एक पूर्णतः प्राकृतिक एवं पौष्टिक पेय है, जिसमें विटामिन, कैल्शियम, पोटैशियम और आयरन प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। यह पाचन तंत्र, लिवर तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में सहायक होता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे नीरा को अपने नियमित आहार में शामिल करें तथा इसे रोजगार के रूप में अपनाकर आत्मनिर्भर बनें।
काउंटर संचालक कमलेश चौधरी ने उद्घाटन समारोह में उपस्थित ग्रामीणों एवं अतिथियों को नि:शुल्क नीरा पिलाया। गांव में नीरा को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने इस पहल को टैपर समाज के सम्मान एवं स्वरोजगार से जोड़ते हुए सराहना की।
कार्यक्रम के संचालन में ग्राम संसाधन सेवी नीरज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर यूसुफ सिद्दीकी ने बताया कि टैपर परिवार नीरा बिक्री के लिए जीविका कार्यालय में आवेदन देकर नि:शुल्क लाइसेंस प्राप्त कर सकते हैं। लाइसेंस मिलने के बाद वे अपना काउंटर संचालित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
जीविका दीदियों एवं ग्रामीणों ने कहा कि नीरा उत्पादन और बिक्री से टैपर समुदाय को नई पहचान, सम्मान और स्थायी रोजगार का अवसर मिल रहा है। सरकार की यह पहल गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ स्वावलंबन को भी बढ़ावा दे रही है।