दाउदनगर-बारुण रोड में खड़े हैं कई जब्त वाहन
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। शहर में दाउदनगर बारुण रोड स्थित शहीद प्रमोद सिंह चौक के समीप खड़े जब्त ट्रकों के कारण दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। इसने यातायात को खतरनाक बना दिया है। स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार शिकायत मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक डा. प्रकाश चंद्र ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित पहल की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने क्रेन मंगवाकर ट्रकों को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। हालांकि, कई ट्रक काफी माल लदे होने के कारण आसानी से नहीं हटाए जा सके। वहीं कुछ ट्रक तकनीकी कारणों से चालू नहीं हो पाए। जिनमें बैटरी की कमी और जीपीएस लॉक जैसी समस्या शामिल है। जिससे इस कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
इस दौरान विधायक ने आमजन से सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर जरा सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। घर से निकलते समय परिजन सुरक्षित वापसी की उम्मीद करते हैं, ऐसे में सावधानी बेहद जरूरी है।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, तेज रफ्तार से बचने, नाबालिगों को वाहन न देने तथा ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। विधायक ने कहा कि एक छोटी सी सावधानी पूरे परिवार की मुस्कान को सुरक्षित रख सकती है।