नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के हसपुरा प्रखंड अंतर्गत चनहट गांव के निवासी जय प्रकाश कुमार ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए 463वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि के आधार पर उनका चयन जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) के पद पर हुआ है।
जय प्रकाश कुमार, उर्मिला देवी एवं लालकेश्वर पाल के सुपुत्र हैं। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिवार, गांव तथा पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
ग्रामीणों ने बताया कि जय प्रकाश कुमार शुरू से ही मेधावी एवं परिश्रमी छात्र रहे हैं। उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता अर्जित की है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
गांव के लोगों ने कहा कि जय प्रकाश कुमार ने अपनी सफलता से न केवल अपने माता-पिता का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे चनहट गांव और औरंगाबाद जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।