नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा रंगोली बनाकर एवं तिलक लगाकर बच्चों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। केंद्रों पर आने वाले बच्चों के लिए उत्सव जैसा माहौल तैयार किया गया। साथ ही, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका द्वारा बच्चों और उनके अभिभावकों को पोषण, संतुलित आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों पर बेहतर कार्य एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी सहायिकाओं को सम्मानित भी किया गया। विभिन्न केंद्रों पर बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए पोषण संबंधी जागरूकता गतिविधियां, संवाद, रचनात्मक कार्यक्रम एवं अन्य विविध आयोजन किए गए।
पोषण माह के अंतर्गत 29 सितंबर, 30 सितंबर एवं 01 अक्टूबर को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों एवं उनके अभिभावकों को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय के साथ जोड़ते हुए पोषण संबंधी संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है।
इस दौरान सही पोषण, स्वस्थ बचपन और मजबूत परिवार के संदेश के साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका द्वारा अभिभावकों को बच्चों के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी अभिभावकों एवं आमजनों से अपील की गई है कि वे पोषण माह के तहत आयोजित इन गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लें तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करें।