तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से कार में मारी जोरदार टक्कर, कार सड़क किनारे उतरी, सभी को आई हल्की चोटें
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-20 (पटना-रांची फोरलेन) पर अकबरपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर मोड़ के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार वाहन ने एक कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग खुल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। कार में सवार एक ही परिवार के चार लोगों की जान बाल-बाल बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कार में आरके सिंह, उनकी पत्नी, बहू और छह वर्षीय पोता सवार थे। पूरा परिवार रांची से मुंगेर जा रहा था। इसी दौरान फतेहपुर मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई इस दुर्घटना से कार में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे जा उतरी।
हादसे में आरके सिंह समेत परिवार के सभी चार सदस्यों को हल्की चोटें आईं। गनीमत रही कि टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना में कार को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से सड़क पर होने वाले खतरे को उजागर कर दिया। एयरबैग की वजह से परिवार सुरक्षित बच गया।