जन्मदिन को मरीजों की सेवा के लिए समर्पित कर पेश की प्रेरणादायक पहल
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जन्मदिन पर उत्सव मनाने के बजाय जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने का संकल्प लेकर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, औरंगाबाद के अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने रविवार को सम्राट अशोक भवन में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 143 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जबकि 24 अन्य लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया। ये लोग अगले दिन रक्त अधिकोष पहुंचकर रक्तदान करेंगे। इस तरह कुल 167 लोगों ने रक्तदान अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।

सतीश कुमार सिंह प्रत्येक वर्ष अपने जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित करते हैं। उनका उद्देश्य जन्मदिन की खुशियों को जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने के काम में लगाना है। शिविर में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, कैंसर मरीजों एवं अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

रेड क्रॉस अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने कहा कि कई मरीजों को नियमित रूप से रक्त की जरूरत पड़ती है। जरूरत के समय रक्तदाता नहीं मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी होती है। ऐसे लोगों की मदद और रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिविर लगाया गया है। उन्होंने रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा मानवीय योगदान नहीं हो सकता।
नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। सतीश कुमार सिंह ने अपने जन्मदिन को इस पुनीत कार्य के लिए समर्पित कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव दीपक कुमार ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, कैंसर मरीजों एवं दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना रेड क्रॉस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि 143 यूनिट रक्त संग्रह और 24 लोगों का अतिरिक्त पंजीकरण रक्तदान के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान करने वालों में नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, वार्ड पार्षद अमित अखौरी, सामाजिक कार्यकर्ता अजिताभ कुमार सिंह उर्फ रिंकू सिंह, रेड क्रॉस सचिव दीपक कुमार, विराट क्लासेस के निदेशक अमित कुमार, धीरज अजनबी, अनूप कुमार मिश्रा, राहुल कुमार, सद्दाम हुसैन, छोटू चौधरी, अनुज कुमार सिंह, सुधीर परमार, दिलीप कुमार, पुनीत, सौरभ, रक्तदान जन सेवा समिति के प्रमुख राहुल राज, नगर परिषद उपाध्यक्ष मोहम्मद अहसान, भाजपा नगर महामंत्री सुनील कुमार, मंडल अध्यक्ष अनूप मिश्रा, अमित कुमार, आशुतोष कुमार मिश्रा, रवि कुमार एवं मुकुल कुमार सहित अनेक युवाओं और समाजसेवियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष मरगुब आलम, वार्ड पार्षद धर्मेंद्र यादव, अमित गुप्ता, गुड्डू कुमार, सुशील कुमार सिंह, अल्ताफ कुरैशी, सिकंदर हयात, राजेश शर्मा, करण पासवान, प्रकाश कुमार, अशोक कुमार सिंह, कांग्रेस नेता राकेश कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, पूर्व जिला पार्षद कृष्ण सिंह, कौशलेंद्र प्रताप नारायण सिंह तथा रेड क्रॉस प्रबंध समिति के सदस्य अजीत कुमार सिंह एवं मनोज कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर ने यह संदेश दिया कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और मानवता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी दिन हो सकता है। सतीश कुमार सिंह की इस पहल ने रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को समाजसेवा के लिए प्रेरित किया।