नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। बाढ़–मोकामा रेलखंड पर चलती ट्रेनों में यात्रियों से मोबाइल और कीमती सामान झपटने वाले गिरोह का मोकामा रेल पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर झपटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह मोर–बरहपुर रेलवे स्टेशन के बीच कंहाईपुर निवासी यात्री राजकुमार चलती ट्रेन में सफर कर रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने लाठी से हमला कर उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलते ही मोकामा रेल थाना प्रभारी नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले सुबोध कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर बरहपुर निवासी हरेन्द्र बिन्द के घर छापेमारी की गई, जहां से झपटमारी में लूटा गया क्षतिग्रस्त मोबाइल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने हरेन्द्र बिन्द को भी गिरफ्तार कर लिया।
रेल थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि बाढ़–मोकामा रेलखंड पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गश्त बढ़ा दी गई है और ऐसे अपराधों में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य चलती ट्रेनों की खिड़की के पास बैठे यात्रियों को निशाना बनाते थे। वे लाठी-डंडे के बल पर यात्रियों को डराकर मोबाइल, बैग और अन्य कीमती सामान झपट लेते थे। बरहपुर–मोर के बीच का इलाका इनकी गतिविधियों का मुख्य केंद्र बना हुआ था।
मोकामा रेल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से रेल यात्रियों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ करने की मांग की है।