नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा, गया (पूर्वी) जिला द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय डिजिटल प्रशिक्षण महाभियान को गति प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं मंडल पदाधिकारियों की विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कृष्णा प्रसाद साहू ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा ओबीसी मोर्चा, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय डिजिटल प्रशिक्षण महाभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को सरल ऐप से जोड़कर उनका पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने बताया कि ऐप पर उपलब्ध चार प्रशिक्षण वीडियो के माध्यम से कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी तक की वैचारिक एवं संगठनात्मक यात्रा की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी प्रशिक्षण वीडियो देखने के बाद कार्यकर्ताओं को भाजपा के इतिहास, विचारधारा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की व्यापक जानकारी मिलेगी।
प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को देश के विकास का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देकर सामाजिक न्याय का सम्मान किया है। साथ ही राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़े एवं अति पिछड़े वर्गों के अधिकारों को और अधिक सशक्त बनाया गया है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को 10 प्रतिशत आरक्षण तथा कोरोना काल में 80 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन एवं किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
विचार गोष्ठी में मुकेश मंडल, नीरज सिंह चंद्रवंशी, अशोक कुशवाहा, सोनू चंद्रवंशी, राजू सिंह चंद्रवंशी, मनीष कुमार सहनी, बबलू कुमार, सौरभ कुमार सहित कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए और पंडित दीनदयाल उपाध्याय डिजिटल प्रशिक्षण महाभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।