नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत एनडीए के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है. अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से हो रही है. इसके तहत शाम सात बजे दीप प्रज्वलन और सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा का उल्लेख किया. उन्होंने विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बिहारवासियों को भी बधाई दी. सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना जीवन देशसेवा के लिए समर्पित किया है और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की. सम्राट चौधरी के मुताबिक, बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अलग-अलग कार्यक्रम होंगे. ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत प्रखंडों और विधानसभा क्षेत्रों में ‘सरकार आपके द्वार’ समाधान शिविर आयोजित करने की योजना है. इनमें नागरिकों की समस्याओं के समाधान पर जोर रहेगा. मार्च 2027 तक ‘कायाकल्प अभियान’ के जरिए विकास कार्यों, स्वच्छता और सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता व पहुंच में सुधार पर भी जोर दिया जाएगा.
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कविता की पंक्तियां साझा करते हुए उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी निष्ठा को समर्पित किया. गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन की कामना की. बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर मां श्यामा मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने पीएम के लिए दीर्घ जीवन कामना करते हुए कहा कि जो पीएम ने संकल्प लिया है भारत माता को विश्व के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाने के लिए उस संकल्प को माता सिद्धि में बदलें.
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें अपना अभिभावक बताते हुए लिखा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से बहुत कुछ सीखा है. उन्होंने पीएम के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की. वहीं, जेडीयू की ओर से पोस्टर जारी कर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दी गईं. जेडीयू नेता नीतीश कुमार ने भी प्रधानमंत्री के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की कामना करते हुए जन्मदिन की बधाई दी. प्रधानमंत्री का जन्मदिन 17 सितंबर को मनाया जा रहा है और 2026 में वे 76 वर्ष के हुए हैं.