रेल थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी को भेजा गया जेल
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा (पटना)। रेल थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन में महिला यात्री का पर्स झपटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक आईफोन भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
रेल थानाध्यक्ष नीतीश कुमार और आरपीएफ निरीक्षक रविंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में रविवार देर रात कार्रवाई की गई। इस दौरान राघोपुर, बख्तियारपुर निवासी विनोद यादव के पुत्र अजय कुमार उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के जलगांव निवासी अद्वैत हीरालाल पाटिल अपनी पत्नी के साथ 2 अगस्त को 15668 कामाख्या-गांधीधाम एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान मोकामा स्टेशन के समीप एक झपटमार ने उनकी पत्नी का पर्स छीन लिया था।
बताया जाता है कि पीड़िता के पर्स में तीन मोबाइल फोन सहित अन्य सामान रखे हुए थे। घटना के बाद मामले की जांच शुरू की गई। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी अजय कुमार उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक आईफोन बरामद किया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य सामानों की बरामदगी तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।