धनबाद जीटी रोड पर दर्दनाक हादसा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद स्थित नेशनल हाईवे-19 पर सोमवार देर रात सड़क दुर्घटना हुई। जीटी रोड के किसान चौक स्थित ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेज दिया है। मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक बाइक संख्या जेएच 10 बीटी 2693 पर सवार दो युवक लोहारबरवा से गोविंदपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसान चौक स्थित ओवरब्रिज पर किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच भेज दिया। पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।