443 मतदान केंद्रों पर दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित, 5 और 6 दिसंबर को दूसरे चरण का कैंप
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मसौढ़ी विधानसभा क्षेत्र के 443 मतदान केंद्रों पर आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविर में करीब 1272 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए युवाओं सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने आवेदन जमा किए। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की संख्या सर्वाधिक रही।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह मसौढ़ी अनुमंडल निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल आवेदनों में करीब 700 आवेदन 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के हैं। वहीं, 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों ने लगभग 500 आवेदन जमा किए। इन आवेदनों के माध्यम से नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि अभियान के पहले चरण में 21 और 22 नवंबर को विशेष शिविर आयोजित किए गए। इसके दूसरे चरण में 5 और 6 दिसंबर को सभी मतदान केंद्रों पर शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए सभी बूथ स्तरीय पदाधिकारियों (बीएलओ) को अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं से प्रपत्र-6 में आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है।
विशेष शिविरों में नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के अलावा मतदाता सूची से नाम हटाने तथा सूची में दर्ज विवरणों में सुधार के लिए भी आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। इसके लिए प्रपत्र-7 और प्रपत्र-8 के माध्यम से आवेदन जमा किए जा सकते हैं। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित शिविरों का अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों ने निरीक्षण किया। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सक्रिय रूप से मौजूद रहे और मतदाताओं से आवेदन प्राप्त करते दिखे। अधिकारियों ने अभियान के तहत पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करने और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।