नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। हरिहरगंज थाना क्षेत्र में एनएच-139 पर कटैया मोड़ के समीप शुक्रवार देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान सुनील कुमार वर्मा के रूप में हुई है। वह बिहार के औरंगाबाद जिले के बालूगंज निमिडीह गांव का निवासी था और हरिहरगंज में एक निजी क्लीनिक में कार्यरत था। हादसे के समय वह बाइक से छतरपुर की ओर से हरिहरगंज आ रहा था।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे ऑन ड्यूटी एएसआई ने बताया कि प्रथम दृष्टया अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा फरार अज्ञात वाहन की पहचान और मामले की जांच में जुट गई है।